पटना , अप्रैल 24 -- बिहार विधानसभा के विशेष सत्र में नई सरकार के विश्वास मत हासिल करने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मिलकर उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी है।
श्री सरावगी ने कहा कि फ्लोर टेस्ट का सफलतापूर्वक पास होना मजबूत नेतृत्व और जनविश्वास की बड़ी जीत है। उन्होंने इस ऐतिहासिक सफलता के बाद विश्वास जताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के सक्षम एवं दूरदर्शी नेतृत्व में बिहार विकास, सुशासन और स्थिरता के नए मानदंड स्थापित करते हुए प्रगति के पथ पर निरंतर अग्रसर रहेगा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री सरावगी ने कहा कि सरकार ने सदन में आज बिहार के विकास और प्रदेश के समृद्ध बनाने को लेकर अपनी प्रतिबद्धता स्पष्ट कर दी है। उन्होंने कहा कि राज्य में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
श्री सरावगी ने कहा कि नई सरकार के लक्ष्य पहले से ही स्पष्ट हैं। उन्होंने कहा कि "मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी कहा है और हम सभी सहमत हैं कि बिहार विकास, सुशासन और समावेशी विकास के उस पथ पर आगे बढ़ेगा, जो नीतीश कुमार ने स्थापित किया है। हम बिहार को उसी पथ पर आगे ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं जो पहले ही निर्धारित किया गया है। समृद्ध बिहार के निर्माण का वादा पूरा किया जाएगा। राजग सरकार पहले भी सत्ता में थी और आज भी है।'' भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि फ्लोर टेस्ट मात्र औपचारिकता भर थी। उन्होंने जनता को विश्वास दिलाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी कर्मठ, अनुभवी, समर्पित और जुझारू हैं और उनका विश्वास है कि उनके नेतृत्व में बिहार और आगे बढ़ेगा और विकसित तथा समृद्ध राज्यों की श्रेणी में खड़ा होगा।
श्री सरावगी ने विधानसभा के विशेष सत्र में फ्लोर टेस्ट में सफलतापूर्वक पास होने पर विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि किसी को भ्रम पालने की आवश्यकता नहीं है। राजग एकजुट है और इसमें शामिल सभी दलों की प्रतिबद्धता बिहार को विकसित और समृद्ध बनाने की है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने पिछले 21 वर्षों में बिहार के विकास के लिए कई अभूतपूर्व कदम उठाकर जो मिसाल कायम की है, उसे अब मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आगे बढ़ाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित