वाराणसी , सितंबर 8 -- विधानसभा चुनाव में छह महीने से भी कम समय शेष रहने के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने काशी क्षेत्र में संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने की तैयारी शुरू कर दी है। रोहनिया स्थित भाजपा कार्यालय में सोमवार शाम को आयोजित काशी क्षेत्र कार्यसमिति की प्रथम बैठक में आगामी अभियानों और कार्यक्रमों को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने, पदाधिकारियों के नियमित प्रवास और जिम्मेदारियों के स्पष्ट विभाजन पर जोर दिया गया।

बैठक की अध्यक्षता काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने की। मुख्य अतिथि राष्ट्रीय मंत्री एवं प्रदेश सह-प्रभारी जगदीश पटेल और विशिष्ट अतिथि प्रदेश उपाध्यक्ष एवं काशी क्षेत्र प्रभारी रमेश सिंह रहे।

श्री पटेल ने कहा कि उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव नजदीक हैं और समय कम है। ऐसे में पार्टी के कार्यक्रमों एवं अभियानों का बूथ स्तर तक प्रभावी क्रियान्वयन सभी पदाधिकारियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक 'सेवा संकल्प अभियान' चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सात अक्टूबर को श्री मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा के 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं।

श्री सिंह ने कहा कि दायित्व मिलने के साथ जिम्मेदारियां बढ़ जाती हैं और कार्यकर्ताओं को राष्ट्र प्रथम की भावना से काम करते हुए विकसित भारत के लक्ष्य के लिए समाज के सभी वर्गों के साथ मिलकर कार्य करना चाहिए।

श्री चौरसिया ने पदाधिकारियों को नियमित प्रवास करने और संगठन के कार्यक्रमों को निचली इकाई तक पहुंचाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कार्य विभाजन से कार्यक्षमता बढ़ती है और दायित्वों का बेहतर निर्वहन सुनिश्चित होता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित