लखनऊ , जुलाई 11 -- उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत संगठन को मजबूत करने के लिए बड़ा फैसला लिया है। प्रदेश मुख्यालय में हुई प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में तय किया गया कि पार्टी के पूर्व पदाधिकारियों और ऐसे पुराने कार्यकर्ताओं की पहचान की जाएगी, जो वर्तमान में किसी संगठनात्मक पद पर नहीं हैं या सक्रिय भूमिका में नहीं हैं।
शनिवार को प्रदेश कार्यालय में बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने बताया कि ऐसे सभी वरिष्ठ और अनुभवी कार्यकर्ताओं की सूची तैयार की जाएगी और उन्हें दोबारा संगठन तथा सरकार के कार्यक्रमों से जोड़ा जाएगा। पार्टी का मानना है कि इन कार्यकर्ताओं का अनुभव और जनसंपर्क संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य हर कार्यकर्ता को सम्मान और जिम्मेदारी देना है। इसी सोच के तहत निष्क्रिय पड़े पुराने कार्यकर्ताओं को फिर से सक्रिय कर संगठनात्मक गतिविधियों में शामिल किया जाएगा।
प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज सिंह ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा बूथ स्तर तक संगठन को और मजबूत करने में जुटी है। पार्टी का प्रयास है कि हर कार्यकर्ता सक्रिय रहे और सरकार की योजनाओं तथा संगठन की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाए।
भाजपा की इस रणनीति को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को व्यापक रूप से सक्रिय और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित