वाराणसी , जून 25 -- उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी के लोगों को हवाई अड्डे के नये टर्मिनल भवन की सौगात मिलेगी।

नागरिक उड्डयन मंत्री के. राम मोहन नायडू ने बुधवार देर रात वाराणसी हवाई अड्डे पर नये टर्मिनल भवन के निर्माण और हवाई अड्डे के आसपास अन्य सुविधाओं के विकास से जुड़ी परियोजना की समीक्षा की। उन्होंने परियोजना का काम कर रही कंपनी के अधिकारियों को इसे 13 महीने की जगह छह महीने में पूरा करने का निर्देश दिया।

हब एवं स्पोक मॉडल के तहत यहां गुरुवार को बाबतपुर स्थित हवाई अड्डे पर एयर इंडिया की 'ईजी कनेक्ट' उड़ान की शुरुआत के लिए आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि अभी इस एयरपोर्ट की सालाना क्षमता 40 लाख यात्रियों की है। दूसरे टर्मिनल की क्षमता 60 लाख यात्रियों की होगी। इस प्रकार हवाई अड्डे की कुल क्षमता एक करोड़ यात्रियों की हो जायेगी।

उन्होंने कहा कि जिस तेजी से बाबा विश्वनाथ के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या हर साल बढ़ रही है, हवाई अड्डे की क्षमता बढ़ाने की सख्त जरूरत है। पहले यह काम अभी से 13 महीने में पूरा किया जाना था, लेकिन अब उन्होंने कंपनी से इसे छह महीने में पूरा करने के लिए कहा है। कंपनी से कह दिया गया है कि परियोजना इस साल के अंत तक पूरी हो जानी चाहिए।

नये टर्मिनल भवन का निर्माण और आसपास सुविधाओं का विकास 2,800 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी स्वयं नये टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे।

उल्लेखनीय है कि अगले साल राज्य में विधानसभा चुनाव होने हैं और उससे पहले प्रधानमंत्री अपने संसदीय क्षेत्र के लोगों को नये टर्मिनल भवन की सौगात देंगे।

श्री नायडू ने कहा कि पिछले 12 साल में देश में विमानन क्षेत्र का काफी विकास हुआ है। इस दौरान हवाई अड्डों की संख्या बढ़कर 74 से 160 पर पहुंच गयी है। यात्रियों और विमानों की संख्या भी दोगुनी हुई है।

उन्होंने कहा कि सरकार जल्द ही नयी 'उड़ान' (उड़े देश का आम नागरिक) योजना लेकर आयेगी। इसके तहत अगले 10 साल में देश में 100 हवाई अड्डों और 200 हेलीपोर्ट का विकास किया जायेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित