लखनऊ , मई 4 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधानसभा चुनावों के परिणामों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के यशस्वी नेतृत्व और लोक-कल्याणकारी नीतियों पर देशवासियों का अटूट विश्वास एक बार फिर स्पष्ट रूप से सामने आया है।

उन्होंने कहा कि यह विश्वास ऐतिहासिक चुनावी परिणामों के रूप में परिलक्षित हुआ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पश्चिम बंगाल में पहली बार, असम में लगातार तीसरी बार और पुडुचेरी में दूसरी बार भाजपा-एनडीए गठबंधन की सरकार का गठन इस जनविश्वास का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि यह अभूतपूर्व जनादेश प्रधानमंत्री के 'नए भारत-विकसित भारत' के संकल्प को नई ऊर्जा और गति प्रदान करेगा।

योगी ने पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में पार्टी के सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और विजयी प्रत्याशियों को इस ऐतिहासिक जीत के लिए हार्दिक बधाई दी। साथ ही, उन्होंने सुशासन और राष्ट्रवाद के प्रति अपना समर्थन देने वाली जनता-जनार्दन का आभार व्यक्त करते हुए उनका अभिनंदन किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित