लखनऊ , जून 18 -- राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) ने 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत 'टीम रालोद' के गठन का ऐलान किया है। पार्टी ने चुनावी प्रबंधन अभियान के अंतर्गत गांव और वार्ड स्तर पर जनसंगठन को मजबूत करने के लिए यह नई पहल शुरू की है।

रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जयंत चौधरी के 25, तुगलक रोड स्थित आवास पर गुरुवार को एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव की रणनीति को लेकर पार्टी के विभिन्न स्तर के पदाधिकारियों से विस्तृत चर्चा की गई। इसमें पार्टी के राष्ट्रीय और जिला स्तर के वरिष्ठ नेता, राज्य पदाधिकारी और संगठन प्रभारी शामिल हुए।

पार्टी की तरफ़ से जारी बयान में बताया गया है कि बैठक के बाद पार्टी ने 'टीम रालोद' के गठन की घोषणा की। यह एक समर्पित सहायक संगठन होगा जो गांव और वार्ड स्तर पर जनसंगठन और जमीनी तैयारी पर फोकस करेगा। यह टीम राज्य कमांड से लेकर जिला, विधानसभा और गांव/वार्ड स्तर तक सुव्यवस्थित और जवाबदेह ढांचे में काम करेगी।

पार्टी ने तय किया है कि हर गांव और वार्ड में एक जिम्मेदार संपर्क सूत्र और सक्रिय कार्यकर्ता नियुक्त किया जाएगा। ये कार्यकर्ता मतदाताओं से लगातार संपर्क में रहेंगे और पार्टी तथा जनता के बीच सीधे सेतु का काम करेंगे। पार्टी का लक्ष्य ऐसा जमीनी संगठन खड़ा करना है जो चुनाव के दिन तक निरंतर और अनुशासित ढंग से सक्रिय रहे।

बैठक में पार्टी नेतृत्व ने कहा कि लोकतंत्र में हर एक वोट का महत्व है। पार्टी के हर कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है कि वह मतदान के दिन हर पात्र मतदाता तक पहुंचे और उसे मतदान केंद्र तक लाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित