लखनऊ , जुलाई 15 -- उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी एवं पूर्व मंत्री राजेन्द्र पाल गौतम ने कहा है कि आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस ऐतिहासिक जीत हासिल कर भाजपा को सत्ता से बाहर करेगी।

बुधवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में विभिन्न संगठनात्मक बैठकों की श्रृंखला के दौरान राजेन्द्र पाल गौतम ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के साथ विधानसभा चुनाव की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की। इसके बाद उन्होंने प्रदेश कोषाध्यक्ष एवं लेखा विभाग, कांग्रेस वार रूम एवं फ्रंटल संगठनों, विभिन्न विभागों और प्रकोष्ठों के प्रदेश अध्यक्षों तथा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के उत्तर प्रदेश प्रभारी सचिवों के साथ अलग-अलग बैठकें कर संगठन की तैयारियों की समीक्षा की।

प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री डॉ. सी.पी. राय के अनुसार, राजेन्द्र पाल गौतम ने कार्यकर्ताओं से संगठन को और अधिक सक्रिय बनाते हुए अभी से चुनावी मोर्चे पर पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी छात्रों, युवाओं, बेरोजगारों, महिलाओं, दलितों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों और किसानों के मुद्दों पर लगातार संघर्ष कर रहे हैं, जिससे कांग्रेस के प्रति जनता का समर्थन बढ़ रहा है।

कांग्रेस प्रभारी ने कार्यकर्ताओं से प्रदेश के जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और कानून-व्यवस्था, किसानों तथा युवाओं के सवालों पर सरकार को घेरने का आह्वान किया।

उन्होंने राम जन्मभूमि मंदिर में दान और चढ़ावे की कथित चोरी के मुद्दे पर भी भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर निशाना साधते हुए इसे जनता के बीच प्रमुखता से उठाने की बात कही।

बैठकों में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय, पार्टी के राष्ट्रीय सचिव धीरज गुर्जर, राजेश तिवारी, सत्य नारायण पटेल, प्रदीप नरवाल, नीलांशु चतुर्वेदी और तौकीर आलम सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित