नयी दिल्ली , अगस्त 27 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष नितिन नवीन ने गुरुवार को विभिन्न राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों और संगठन को मजबूत करने को लेकर पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय महासचिवों के साथ बैठक की।

भाजपा मुख्यालय में हुई इस अहम बैठक में सर्वश्री विनोद तावड़े, सुनील बंसल, बिप्लब कुमार देब, गजेन्द्र सिंह पटेल, हरीश द्विवेदी, संजय भाटिया, डॉ सतीश पूनिया और श्रीमती स्मृति ईरानी शामिल हुयीं। इसके अलावा श्री बी. एल. संतोष राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) और कार्यालय प्रभारी तरुण चुघ भी इस बैठक में उपस्थित रहे।

भाजपा ने इस बैठक के बारे में जानकारी देते हुए सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर लिखा कि श्री नवीन ने आज यहां पार्टी मुख्यालय में नवनियुक्त राष्ट्रीय महासचिवों के साथ पहली संगठनात्मक बैठक की। इस बैठक में संगठन की तैयारियों, विभिन्न राज्यों में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों और रणनीतिक रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गयी।

श्री चुघ ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, " मैंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की अध्यक्षता में आयोजित राष्ट्रीय महासचिवों की बैठक में भाग लिया। "इस बैठक में पार्टी की विभिन्न कार्य-योजनाओं और विभिन्न राज्यों में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों के संबंध में चर्चा हुयी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित