जयपुर , मई 16 -- राजस्थान विधानसभा की स्थापना के 75वें वर्ष के अवसर पर विधानसभा के प्रतीक चिह्न (लोगो) का विमोचन और विधान सभा के ऐतिहासिक द्वारों के नामकरण की पट्टिकाओं का अनावरण सोमवार को किया जायेगा।
विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने बताया कि विधानसभा के विधायक कक्ष में सोमवार को सुबह साढ़े दस बजे आयोजित होने वाले इस समारोह में राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागडे, मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल सहित विधायकों को आमंत्रित किया गया है।
समारोह का सजीव प्रसारण विधानसभा के यूट्यूब चैनल पर किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि सोलहवीं राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष श्री देवनानी ने गत ढाई वर्षों में राजस्थान विधानसभा में बेहतरीन पहल कर नवाचारों की श्रंखला बना दी हैं। इससे राजस्थान विधानसभा की देश में अनूठी पहचान बनी है। यह विधानसभा देश की सर्वश्रेष्ठ विधानसभा भी बन गई है।
श्री देवनानी ने गुलाबी नगर की पहचान के अनुरूप विधानसभा सदन के स्वरूप में नवाचार कर उसे गुलाबी किया है। विधानसभा की डिजिटल एवं पेपरलेस व्यवस्था, डिजिटल संग्रहालय, संविधान दीर्घा, वंदेमातरम दीर्घा, लोगों को लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं से जोड़ने के लिए जनदर्शन कार्यक्रम. शौर्य वाटिका, नक्षत्र वाटिका, हर्बल वाटिका, ऑनलाइन उपस्थिति, विधान सभा में महिला दिवस जैसे आयोजनों ने विधान सभा को नई पहचान दी है।
उत्तरदायित्व की प्रश्नोत्तरी, सेन्ट्रल हॉल की परिकल्पना, विधान सभा सदन में चर्चा का समय बढ़ा, सुरक्षा हुई चाक चौबन्द, सोशल मीडिया इन्फ्लुएसर्स मीट और कॉन्स्टिटयूशन क्लब को बनाया विचार-विमर्श का केन्द्र सहित अनेक नवाचारों से राजस्थान विधानसभा के स्वरूप में अदभुत निखार आ गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित