पन्ना , सितंबर 13 -- मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने रविवार को महाराजा छत्रसाल स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में खिलाड़ियों के लिए खेल सुविधाओं के विकास कार्यों तथा किलकिला नदी से धरमसागर तालाब तक किलकिला फीडर के पुनर्निर्माण कार्य का लोकार्पण किया।
श्री तोमर ने विधिवत पूजन-अर्चन कर फीता काटकर कार्यों का लोकार्पण किया। नगर पालिका परिषद पन्ना द्वारा मुख्यमंत्री शहरी अधोसंरचना विकास योजना के तृतीय चरण के अंतर्गत छत्रसाल स्टेडियम निर्माण एवं अन्य विकास कार्य कराए गए हैं, जिनकी लागत तीन करोड़ 18 लाख रुपये है। वहीं जल संसाधन विभाग द्वारा चार करोड़ 98 लाख रुपये से अधिक की राशि से किलकिला फीडर के नवीन कार्य का निर्माण कराया गया है।
कार्यक्रम में पन्ना जिले के प्रभारी मंत्री इंदर सिंह परमार एवं पन्ना विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष मीना पाण्डेय ने की।
विधानसभा अध्यक्ष ने अतिथियों एवं विभागीय अधिकारियों के साथ कार्यक्रम की शुरुआत में नवनिर्मित इंडोर हॉल और स्टेडियम परिसर का जायजा लिया। उन्होंने खिलाड़ियों से भेंट कर खेल प्रतिभाओं को महत्वपूर्ण टिप्स दिए और सामूहिक फोटो भी खिंचवाई। उन्होंने बालक एवं बालिका खिलाड़ियों को खेल सुविधाओं की सौगात मिलने पर बधाई दी।
अपने संबोधन में श्री तोमर ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा खेल बजट में बढ़ोतरी के फलस्वरूप संसाधनों एवं आवश्यक सुविधाओं के विकास के साथ खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग और आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर दिए जा रहे हैं। सरकार की नीति और नियत के फलस्वरूप खेल संस्थाएं भी वित्तीय रूप से सक्षम हुई हैं।
उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड पहले विकास की राह में पीछे था, लेकिन अब खेल एवं शिक्षा सहित हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका के साथ आगे बढ़ रहा है। विभिन्न राष्ट्रीय स्पर्धाओं में उपलब्धियां हासिल करने वाली जिले की प्रतिभाओं की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि पन्ना सहित संपूर्ण बुंदेलखंड विकास के क्षेत्र में अग्रसर है।
श्री तोमर ने कहा कि पन्ना के चंदेलकालीन तालाब ऐतिहासिक महत्व के हैं। जल स्तर बढ़ाने की दिशा में सार्थक प्रयास शुरू किए गए हैं, जिससे खेती और सिंचाई का रकबा बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में अब 65 लाख हेक्टेयर में सिंचाई की सुविधा है और 28 हजार मेगावाट बिजली का उत्पादन हो रहा है।
उन्होंने स्थानीय विधायक को विकास पुरुष की संज्ञा देते हुए कहा कि पवित्र धाम पन्ना में रुकने और आवागमन के बेहतर साधन उपलब्ध हैं। महाराजा छत्रसाल ने धर्म, संस्कृति और देश की रक्षा के लिए प्राणों की आहुति दी। यहां श्री जुगल किशोर महालोक बनने से धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। किलकिला फीडर और इंडोर हॉल सहित अन्य विकास कार्यों से पन्ना के विकास में नया आयाम जुड़ेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित