पटना , नवंबर 09 -- बिहार विधान सभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने गयाजी-बोधगया सहित मगध क्षेत्र में पर्यटन विकास, स्थानीय रोजगार सृजन और विदेशी निवेश को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं।

विधानसभा अध्यक्ष ने पर्यटन की संभावनाओं को देखते हुए धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों के समेकित विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और निवेशकों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने को कहा है।

डॉ. कुमार ने आज अपने कार्यालय कक्ष में पर्यटन विभाग के वरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में गयाजी एवं बोधगया कॉरिडोर, गांधी मैदान के विकास, मगध क्षेत्र के प्रमुख पर्यटन स्थलों के संवर्धन तथा निवेश एवं रोजगार की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में अधिकारियों ने बताया कि लगभग 3500 करोड़ रुपये की गयाजी कॉरिडोर परियोजना का विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) भारत सरकार को भेजा जा चुका है। इस परियोजना में गयाजी धाम का विकास, सोन नदी का जल फल्गु नदी तक पहुंचाकर वर्षभर जल की उपलब्धता सुनिश्चित करना, मनसरवा नाला को आच्छादित करना तथा सड़क और पार्किंग जैसी सुविधाओं का विस्तार शामिल है।

यह भी बताया गया कि बोधगया महाबोधि कॉरिडोर के तहत छह योजनाएं तैयार की गई हैं। इनमें सड़क एवं यातायात व्यवस्था, विरासत हाट, पार्किंग, भोजनालय, जयप्रकाश उद्यान, पैदल एवं साइकिल पथ तथा मंदिर से नदी तक संपर्क मार्ग और घाट का विकास शामिल है।

विधान सभा अध्यक्ष ने इन योजनाओं के क्रियान्वयन में स्थानीय नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित