मुरैना , जुलाई 15 -- मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने आज मुरैना जिले के जौरा नगर पालिका परिषद क्षेत्र में लगभग सवा करोड़ रुपये की लागत से कराए जा रहे विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि पूजन किया। श्री तोमर ने महिला पार्क का लोकार्पण, महात्मा गांधी की प्रतिमा का अनावरण तथा पंचबीघा क्षेत्र में निर्मित होने वाले शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का भूमि पूजन किया।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि नगर पालिका परिषद जौरा द्वारा अध्यक्ष अखिल माहेश्वरी के नेतृत्व में नगर के विकास एवं आधारभूत अधोसंरचना को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा क्षेत्र के समग्र विकास को गति देने के उद्देश्य से विभिन्न विकास परियोजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि विकास कार्य केवल आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से नगर की सौंदर्यवृद्धि और नागरिकों की आवश्यकताओं की पूर्ति भी सुनिश्चित की जा रही है। शासन की मंशा के अनुरूप जनसुविधाओं का विस्तार करना तथा विकास कार्यों का लाभ आमजन तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित