पटना , नवंबर 07 -- बिहार विधान सभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने जल संसाधन विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते हुए गयाजी के शेष घरों तक गंगाजल का लाभ पहुंचाने और सिंचाई विस्तार से जुड़ी परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

डॉ. प्रेम कुमार की अध्यक्षता में शनिवार को उनके कार्यालय कक्ष में आयोजित बैठक में जल संसाधन विभाग की विभिन्न महत्वपूर्ण योजनाओं एवं परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान गयाजी में गंगाजल आपूर्ति, उत्तर एवं दक्षिण बिहार की सिंचाई व्यवस्था, प्रमुख नदी जोड़ो परियोजनाओं, जल संरक्षण तथा जल संसाधनों के बेहतर उपयोग पर विस्तार से चर्चा हुई।

गयाजी में फल्गु नदी पर रबर डैम तथा मोकामा से तेतर जलाशय तक गंगाजल पहुंचाने की योजना की समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि शहर के 53 वार्डों में लगभग 75 प्रतिशत घरों को गंगाजल का लाभ मिल रहा है। शेष घरों तक जलापूर्ति सुनिश्चित करने के लिए पाइपलाइन विस्तार एवं नए जलाशय के लिए उपयुक्त स्थल चिह्नित करने पर चर्चा हुई।

विधान सभा अध्यक्ष ने गया के जिलाधिकारी से आवश्यक प्रतिवेदन प्राप्त कर संबंधित विभागों के समन्वय से शेष घरों तक गंगाजल पहुंचाने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित