राजनांदगांव , मार्च 03 -- छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष एवं राजनांदगांव विधायक डॉ. रमन सिंह, सांसद संतोष पांडे एवं महापौर मधुसूदन यादव ने नागरिकों को होली पर्व की शुभकामनाएं दी हैं।
विधायक, सांसद एवं महापौर ने कहा कि होली रंग और उल्लास का त्योहार होने के साथ ही हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। हर्षोल्लास के वातावरण में मनाया जाने वाला यह पर्व सामाजिक समरसता तथा एकता की भावना को भी सुदृढ़ बनाता है।
डॉ. रमन सिंह ने कहा कि हमारी भारतीय सनातन संस्कृति का यह महत्वपूर्ण पर्व प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का संदेश देता है। यह पर्व प्रदेश में समृद्धि और उन्नति के रंग लेकर हम सबके जीवन में और अधिक सुख-शांति और अच्छा स्वास्थ्य लेकर आए तथा सभी का जीवन सफलता के नए-नए रंगों से रंगायमान हो। सभी स्वस्थ रहें और सभी प्रफुल्लित होकर भाईचारे से होली का पर्व मनाएं।
सांसद संतोष पांडे ने कहा कि होली का पर्व मतभेद मिटाकर आपस में मिल-जुलकर जीवन में रंग भरने का त्योहार है। इस होली सभी भाईचारे के साथ उमंग एवं उल्लास से पर्व मनाएं। उन्होंने कहा कि होली हर्बल रंग एवं गुलाल से मनाएं, केमिकल वाले रंग एवं गुलाल का उपयोग न करें।
महापौर मधुसूदन यादव ने कहा कि संस्कारधानी की स्वस्थ परंपरा के अनुरूप रंगों और उमंगों का यह त्योहार शांति और सद्भावना के वातावरण में पूरी शालीनता के साथ मनाया जाए। उन्होंने अपील की कि पानी का अपव्यय न करें और होली मनाने में रंग व गुलाल का उपयोग करें, पानी डालकर होली न मनाएं। साथ ही उन्होंने विशेष रूप से बच्चों को होली के दिन जहरीले रासायनिक रंगों से बचने की सलाह दी।
निगम अध्यक्ष टोपेंद्र सिंह पारस वर्मा, निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा, नेता प्रतिपक्ष संतोष पिल्ले, महापौर परिषद के प्रभारी सदस्य सावन वर्मा, सुनील साहू, राजेश जैन रानू, बिना ध्रुव, शैंकी बग्गा, आलोक श्रोती, राजा माखीजा, वर्षा शरद सिन्हा, केवरा विजय राय एवं डीलेश्वर प्रसाद साहू सहित अपील समिति के सदस्यों श्रुति लोकेश जैन, संतोष कुमार साहू, मोहनी बाई एवं सेवक राम उइके, वरिष्ठ सभापति खेमीन यादव, कनिष्ठ सभापति संदीप बघेल तथा पार्षदों ने नागरिकों को होली की बधाई देते हुए कहा कि हमारी हजारों वर्ष पुरानी भारतीय संस्कृति में होली का त्योहार मनुष्य के जीवन में सामाजिक समरसता और मेल-मिलाप की भावना को प्रकट करता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित