पटना , सितंबर 8 -- बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने मंगलवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से शिष्टाचार मुलाकात की और इस दौरान बिहार विधानसभा संग्रहालय सहित जनप्रतिनिधियों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर सकारात्मक एवं रचनात्मक विचार-विमर्श किया।

मुलाकात के दौरान बिहार विधानसभा संग्रहालय के संबंध में विस्तार से चर्चा हुई। प्रस्तावित संग्रहालय में बिहार विधानसभा की 100 वर्षों की गौरवशाली यात्रा को प्रदर्शित किया जाएगा। यह संग्रहालय राज्य की लोकतांत्रिक यात्रा, विधायी परंपराओं और संसदीय विरासत का महत्वपूर्ण दस्तावेज बनेगा।

संग्रहालय को आधुनिक तकनीक और डिजिटल माध्यमों से समृद्ध करते हुए ऐसा स्वरूप प्रदान किया जाएगा, जिससे आमजन, विद्यार्थी, शोधार्थी तथा देश-विदेश से आने वाले आगंतुक बिहार की लोकतांत्रिक यात्रा और विधायी इतिहास से परिचित हो सकें। विधानसभा की ऐतिहासिक विरासत को संरक्षित करने के साथ ही संग्रहालय को ज्ञान, शोध और जन-जागरूकता के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना है।

मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने संग्रहालय सहित अन्य विषयों पर सकारात्मक दृष्टिकोण व्यक्त करते हुए आवश्यक सहयोग और समन्वय का आश्वासन दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित