हैदराबाद , सितंबर 07 -- तेलंगाना के श्रम मंत्री जी. विवेक वेंकटस्वामी ने सोमवार को विधानसभा परिसर में विरोध प्रदर्शन के दौरान बीआरएस के विधायकों और विधान परिषद सदस्यों के आचरण की कड़ी निंदा की और विधानसभा अध्यक्ष गद्दम प्रसाद कुमार के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले बीआरएस एमएलसी तता मधु को बर्खास्त करने की मांग की।

पत्रकारों से बातचीत में श्री विवेक ने कहा कि कांग्रेस को लोकतांत्रिक तरीके से किए जाने वाले विरोध प्रदर्शनों पर कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन विधानसभा अध्यक्ष के खिलाफ अनुचित टिप्पणी स्वीकार नहीं की जा सकती। उन्होंने आरोप लगाया कि अध्यक्ष दलित समुदाय से होने के कारण उनके खिलाफ इस तरह की टिप्पणी की गई। उन्होंने कहा, "ये टिप्पणियां केवल किसी व्यक्ति के खिलाफ नहीं, बल्कि पूरे दलित समुदाय का अपमान हैं। दलित संगठनों को इस पर ध्यान देना चाहिए।"बीआरएस के विधायकों ने सरकार के खिलाफ नारे लिखी काली टी-शर्ट पहनकर विधानसभा के मुख्य द्वार पर प्रदर्शन किया था, जिसके दौरान पुलिस के साथ उनका टकराव हुआ। मंत्री ने आरोप लगाया कि बीआरएस ने अपने दस वर्ष के शासन के दौरान कई वादे किये, लेकिन उन्हें पूरा नहीं किया। इनमें दलित को मुख्यमंत्री बनाने, दलितों को तीन एकड़ जमीन देने, बेरोजगारी भत्ता और दो बेडरूम वाले मकान उपलब्ध कराने के वादे शामिल थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित