चंडीगढ़ , जून 20 -- पंजाब की सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ बलजीत कौर ने शनिवार को कहा कि राज्य सरकार ने विधवा एवं निराश्रित महिलाओं को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से मई माह तक 305 करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय सहायता जारी की है।
डॉ. कौर ने बताया कि बताया कि वर्तमान में राज्यभर की 6.91 लाख से अधिक महिलाएं इस योजना का लाभ प्राप्त कर रही हैं। इससे उन्हें आर्थिक मजबूती मिलने के साथ-साथ आत्मविश्वास और सम्मान के साथ जीवन जीने में सहायता मिल रही है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के दौरान इस योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और अधिक से अधिक पात्र महिलाओं तक लाभ पहुंचाने के लिए पंजाब सरकार ने 1,200 करोड़ रुपये से अधिक की राशि निर्धारित की है।
डॉ. कौर ने कहा कि यह योजना केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि कठिन परिस्थितियों का सामना कर रही महिलाओं के लिए सम्मान, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता का माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, गरिमा और सशक्तिकरण को मजबूत करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित