जबलपुर , अक्टूबर 31 -- मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) में कार्यरत अनिल शर्मा ने खेल के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए जबलपुर और विद्युत परिवार का नाम रोशन किया है। मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एमपीसीए) ने उन्हें अपनी सभी अंतर संभागीय क्रिकेट प्रतियोगिताओं के लिए पूर्णकालीन मैच रेफरी नियुक्त किया है।

अनिल शर्मा जबलपुर से मैच रेफरी नियुक्त होने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं। उनका चयन एमपीसीए द्वारा पहली बार आयोजित की गई कठिन सैद्धांतिक और प्रायोगिक परीक्षा के प्रदर्शन के आधार पर हुआ है। उन्होंने आईसीसी और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के निर्धारित पैटर्न पर आयोजित इस परीक्षा में 80 प्रतिशत अंक हासिल किए।

मैच रेफरी के रूप में अनिल शर्मा एमपीसीए के नियमों व दिशा-निर्देशों के अनुसार प्रतियोगिताओं का सफल संचालन सुनिश्चित करेंगे। इसके साथ ही खिलाड़ियों, अंपायरों और आयोजकों द्वारा आचार संहिता का पालन कराने का दायित्व भी उन्हीं के पास रहेगा।

अनिल शर्मा की इस उपलब्धि पर एमपी ट्रांसको के प्रबंध संचालक श्री सुनील तिवारी ने उन्हें बधाई दी है। उन्होंने कहा कि अनिल शर्मा की यह सफलता पूरे विद्युत परिवार के लिए गर्व की बात है, जिससे खेल जगत में भी संस्थान की एक नई पहचान बनी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित