अल्मोड़ा , अगस्त 02 -- उत्तराखंड की अल्मोड़ा पुलिस ने विद्युत केबिल चोरी प्रकरण का रविवार को खुलासा करते हुए कंपनी के सहायक ठेकेदार को गिरफ्तार किया है। साथ ही उसके कब्जे से करीब पांच लाख रुपये मूल्य की केबिल बरामद की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गत 31 जुलाई को मैसर्स एस.जे. ट्रांसफॉर्मर्स एलएलपी के मैनेजर वासुदेव चिलकोटी ने कोतवाली चौखुटिया में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उनकी कंपनी मासी-चौखुटिया क्षेत्र में विद्युत लाइनों को बंच केबिल में बदलने का कार्य कर रही है।
आगे कहा गया कि गत 29 जुलाई को कार्यस्थल का निरीक्षण करने पर छह ड्रमों में रखी विद्युत केबिल का बड़ा हिस्सा चोरी मिला। उन्होंने कंपनी के सहायक ठेकेदार रंजीत पर संलिप्तता का संदेह जताया। आरोपी घटना के बाद से फरार चल रहा है। चौखुटिया कोतवाली पुलिस ने धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को चौखुटिया से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई छह बंडल विद्युत केबिल तथा एक केबिल कटर बरामद किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित