रायसेन , जुलाई 12 -- मध्यप्रदेश में रायसेन जिले के सिलवानी तहसील अंतर्गत ग्राम दैनी में विद्युत कार्य के दौरान करंट लगने से 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सिलवानी-गैरतगंज मार्ग पर चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार बेगमवा खुर्द निवासी 25 वर्षीय अखिलेश कुशवाहा की विद्युत कार्य के दौरान करंट लगने से मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि युवक से पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के बिना बिजली का काम कराया जा रहा था, जिसके कारण यह हादसा हुआ।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा परिजनों को समझाइश देकर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद काफी देर तक चले प्रदर्शन के पश्चात चक्काजाम समाप्त कराया गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई और उचित मुआवजे की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित