झुंझुनू , मार्च 17 -- राजस्थान के ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कहा है कि राजस्थान ऊर्जा उत्पादन के क्षेत्र में सिरमौर बनेगा।
श्री नागर मंगलवार को झुंझुनू जिले की गोठड़ा पंचायत समिति के गोल्याणा गांव में नवनिर्मित अजमेर विद्युत वितरण निगम के सहायक अभियंता कार्यालय का उद्घाटन करने के बाद सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राजस्थान में बिजली बनाने और किसानों तक बिजली पहुंचाने का कार्य तेज गति से किया जा रहा है।
श्री नागर ने कहा कि राजस्थान के किसान भाइयों के लिए दिन में बिजली देने का काम भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार ने शुरू कर दिया है और दिन में दो ब्लाकों के माध्यम से राजस्थान के किसान भाइयों को दिन में बिजली की आपूर्ति की जा रही है। उन्होंने कांग्रेस सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि पिछली सरकार ने भी किसानों को दिन में बिजली दिए जाने का किसानों से वायदा किया था। मगर वह कांग्रेस सरकार किसानों से किया गया वायदा निभाने में असफल रही। कांग्रेस सरकार ने विद्युत महकमे में राजस्थान में सिर्फ कर्ज बढ़ाने का काम किया है न कि किसानों को राहत पहुंचाने का।
श्री नागर ने बताया कि राजस्थान में कई ऐसे संयंत्र लगाए जा चुके हैं, जिनके माध्यम से किसान भाइयों को उन्हीं के खेतों से सोलर सिस्टम से बिजली मिलेगी। भाजपा सरकार द्वारा चार हजार मेगावाट के संयंत्र को चालू करके किसान भाइयों को बिजली की आपूर्ति शुरू कर दी गई है। सरकार की ओर से 53 नए जीएसएस बनाकर चालू कर दिए गए हैं। वहीं 150 प्रसारण तंत्र के जीएसएस बनाकर शुरू कर दिए गए हैं। यह सब कार्य राज्य सरकार द्वारा मात्र दो वर्ष के कार्यकाल में किया गया है। अभी आगामी समय में इस महकमे में और भी विकास कार्य सरकार द्वारा किए जाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित