देवरिया, जून 22 -- उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने सोमवार को अपने गृह जिला देवरिया में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में कहा कि जलवायु परिवर्तन को ध्यान में रखते हुए कृषि, पशुपालन, उद्यान, नलकूप, विद्युत एवं सिंचाई विभाग अपने-अपने विभागीय कार्यों का समयबद्ध एवं सुचारु संचालन सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि कम वर्षा में होने वाली फसलों को बढ़ावा देने हेतु कृषकों को जागरूक किया जाए तथा विभागीय माध्यम से समय से बीज उपलब्ध कराए जाएं। शत-प्रतिशत नलकूपों को क्रियाशील कराया जाए। रोस्टर के अनुसार विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करते हुए इसकी जानकारी समाचार पत्रों के माध्यम से प्रकाशित कराई जाए। । उन्होंने कहा कि विद्युत संबंधी खराबियों का तत्काल निस्तारण कराया जाए। विकास खंड गौरीबाजार में विद्युत संबंधी अधिक शिकायतें प्राप्त होने पर अधीक्षण अभियंता को तत्काल समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए गए।

श्री शाही ने बैठक में कहा कि नहरों में टेल तक पानी पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। निराश्रित गो-आश्रय स्थलों पर पशुओं को गर्मी से बचाने के समुचित उपाय किए जाएं तथा भूसा, हरा चारा एवं पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। पशुपालकों को भी गर्मी से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया जाए। उन्होंने कहा कि नवनिर्मित सड़कों के किनारे वृक्षारोपण कराया जाए तथा अधूरे कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराया जाए।

उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया गया कि अमृत सरोवरों एवं गांवों के अन्य तालाबों/पोखरों की साफ-सफाई कराई जाए तथा गांव का गंदा पानी तालाबों में जाने से रोका जाए, जिससे पशुओं को स्वच्छ पानी उपलब्ध हो सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित