मिदनापुर , सितंबर 30 -- पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार को ईश्वरचंद्र विद्यासागर की जन्मस्थली बीरसिंह को विरासत और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए बड़ी योजना की घोषणा की तथा गांव को पर्यटकों, शोधकर्ताओं और छात्रों के लिए आकर्षक गंतव्य बनाने का वादा करते हुए कई करोड़ रुपये की बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का भी ऐलान किया।
बंगाली पंचांग के अनुसार विद्यासागर की जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री अधिकारी ने कहा कि सरकार सड़कों को चौड़ा करेगी, ठहरने की सुविधाएं बनायेगी, पुस्तकालय और संग्रहालय का विस्तार करेगी तथा क्षेत्र के प्राकृतिक परिवेश का विकास करेगी। इसका उद्देश्य 19वीं सदी के समाज सुधारक की जन्मस्थली को देशभर के लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बनाना है। उन्होंने कहा, "मैं भाषणों के जरिए नहीं, बल्कि काम के जरिए श्री विद्यासागर की जन्मस्थली को एक आदर्श गंतव्य बनाना चाहता हूं।" उन्होंने कहा कि पर्यटन विभाग एक बड़ा आवासीय छात्रावास स्थापित करेगा, जहां छात्र, युवा आगंतुक और पर्यटक ठहर सकेंगे।
उन्होंने विभाग को विद्यासागर पर शोध और लेखन करने वाले शोधकर्ताओं और लेखकों के लिए विशेष कॉटेज बनाने की प्रक्रिया शुरू करने का भी निर्देश दिया। इसके लिए जिला प्रशासन की ओर से जमीन उपलब्ध कराये जाने की शर्त रखी गयी है। सरकार ने स्थानीय बुनियादी ढांचे से जुड़ी कई परियोजनाओं को भी मंजूरी दी है।
इन परियोजनाओं में सिंगदाह मोड़ से स्मृति मंदिर तक पांच किलोमीटर लंबे मार्ग पर सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए 1.20 करोड़ रुपये, बड़ो पुष्करिणी पार्क के पुनर्विकास और उसे विद्यासागर शिशु उद्यान के रूप में विकसित करने के लिए 35 लाख रुपये तथा नोटुक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और मोहनपुर ग्राम पंचायत के उन्नयन के लिए 40 लाख रुपये शामिल हैं। नारायणचंद्र खिरकी पोखर से स्मृति मंदिर तक सुरक्षा दीवार और कंक्रीट पैदल मार्ग बनाने के लिए 50 लाख रुपये मंजूर किये गये हैं। वहीं, बीरसिंह ग्राम पंचायत के अंतर्गत मामराजपुर आईसीडीएस केंद्र से अर्जुन आरी शिवतला मंदिर तक कंक्रीट सड़क बनाने पर 74 लाख रुपये खर्च किये जायेंगे। घाटाल में पांसकुड़ा बस स्टैंड के पास विकास प्राधिकरण के तहत आठ करोड़ रुपये की लागत से बाजार परिसर के साथ सामुदायिक भवन का निर्माण किया जायेगा। सरकार ने बीरसिंह भगवती विद्यालय में नये एससीआर भवन के निर्माण के लिए भी 35 लाख रुपये मंजूर किये हैं।
श्री अधिकारी ने कहा कि उन्होंने पर्यटन विभाग को बीरसिंह को ऐसा स्थान विकसित करने का भी निर्देश दिया है, जहां विद्यासागर पर शोध करने वाले विद्वान ठहर सकें और अपना शोध कार्य कर सकें। उन्होंने इस अवसर पर श्री विद्यासागर की सामाजिक सुधार की विरासत का उल्लेख किया, विशेष रूप से विधवा पुनर्विवाह और महिला शिक्षा के लिए उनके अभियान का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सरकार बाल विवाह और नशे की लत जैसी सामाजिक समस्याओं से निपटने के लिए विद्यासागर के विचारों का सहारा लेगी।
श्री अधिकारी ने कहा कि पश्चिम बंगाल को विद्यासागर और राजा राममोहन राय द्वारा दिखाये गये मार्ग पर चलकर राज्य को जकड़े सामाजिक समस्याओं से बाहर निकलना होगा। राज्य सरकार स्कूल पुस्तकालयों में विद्यासागर की रचनाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रोत्साहित करेगी। उन्होंने पुस्तकों के शैक्षणिक महत्व पर पर्याप्त ध्यान दिये बिना किताबें खरीदने की प्रथा की आलोचना की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित