पटना , सितंबर 12 -- बिहार सरकार के शिक्षा विभाग ने कहा है कि कटिहार जिले के प्राणपुर प्रखंड स्थित नया प्राथमिक विद्यालय, दीघापार के विद्यालय भवन की चोरी और उसके लिए 44.85 लाख रुपये के भुगतान से संबंधित सोशल मीडिया पर प्रसारित खबर विभागीय जांच में भ्रामक और तथ्यहीन पायी गयी है।

शिक्षा विभाग की ओर से आज सूचना जारी कर बताया कि सोशल मीडिया पर विद्यालय भवन चोरी का दावा फर्जी होने तथा 44.85 लाख रुपये के भुगतान से संबंधित एक बिल प्रसारित किया जा रहा था। कटिहार जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय में उपलब्ध अभिलेखों की जांच में उक्त बिल एआई (कृत्रिम बुद्धिमत्ता) से तैयार किया गया और असत्य पाया गया। इस बिल से संबंधित कोई प्रामाणिक सरकारी अथवा कार्यालयी अभिलेख उपलब्ध नहीं है।

विभाग से जारी सूचना के अनुसार कटिहार के जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला शिक्षा पदाधिकारी और अनुमंडल पदाधिकारी ने 10 सितंबर को नया प्राथमिक विद्यालय, दीघापार का स्थलीय निरीक्षण किया। जांच के दौरान स्थानीय ग्रामीणों से भी विद्यालय तथा कथित भुगतान के संबंध में जानकारी और प्रमाण मांगे गये, लेकिन किसी ग्रामीण ने 44.85 लाख रुपये के भुगतान से संबंधित कोई प्रमाण प्रस्तुत नहीं किया।

जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि नया प्राथमिक विद्यालय, दीघापार भवनहीन है। विद्यालय भवन के संबंध में कटिहार के जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय की ओर से पूर्व में ही 30 जुलाई को प्राथमिक शिक्षा निदेशक को प्रतिवेदन भेजा जा चुका है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित