टिहरी , जून 05 -- उत्तराखण्ड के मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने शुक्रवार को टिहरी गढ़वाल जिला के बौराड़ी क्षेत्र में स्थित विभिन्न शैक्षणिक, सामाजिक एवं खेल संस्थानों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण तथा खेल सुविधाओं के विकास को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने सबसे पहले ढुंगीधार स्थित आंगनबाड़ी केन्द्र का निरीक्षण किया, जहां उन्होंने बच्चों की उपस्थिति, खेल सामग्री तथा पोषण आहार की जानकारी ली। उन्होंने गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को पोषण किट वितरित की तथा बच्चों का वजन भी मापवाया। इस दौरान एएनएम और आशा कार्यकर्ताओं को नियमित स्वास्थ्य परीक्षण एवं टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इसके बाद उन्होंने राजकीय मॉडल प्राथमिक विद्यालय का दौरा कर मध्यान्ह भोजन योजना, विद्यार्थियों की उपस्थिति, फर्नीचर तथा शैक्षणिक गतिविधियों का जायजा लिया। विद्यालय की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
श्री बर्द्धन ने श्रीदेव सुमन पुस्तकालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने पुस्तकालय में उपलब्ध दुर्लभ पुस्तकों, अभिलेखों और पांडुलिपियों के संरक्षण की व्यवस्था देखी तथा अध्ययन सुविधाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि पुरानी टिहरी से विस्थापित होकर स्थापित इस पुस्तकालय में ऐतिहासिक और समकालीन विषयों की समृद्ध पुस्तकें उपलब्ध हैं, जिनसे शोधार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को लाभ मिल रहा है।
निरीक्षण के क्रम में मुख्य सचिव बौराड़ी स्टेडियम भी पहुंचे, जहां उन्होंने प्रस्तावित बैडमिंटन हॉल के निर्माण स्थल का अवलोकन किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ परियोजनाओं को पूरा करने के निर्देश दिए।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मुख्य सचिव ने स्थानीय विधायक किशोर उपाध्याय, नगर पालिका परिषद टिहरी के अध्यक्ष मोहन सिंह रावत तथा अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ डाइजर क्षेत्र में जैकरेंडा के पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे, मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित