पटना , अक्टूबर 10 -- बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने शनिवार को विद्यार्थियों से कड़ी मेहनत करने और अपने सपनों को पूरा करने के लिए पूरी लगन से आगे बढ़ने का आह्वान किया और कहा कि राज्य सरकार बच्चों के साथ खड़ी है तथा उन्हें जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर भी दिए जाएंगे।
श्री तिवारी ने आज पटना के बापू सभागार में आयोजित राज्यस्तरीय सेवा चित्र एवं भाषण प्रतियोगिता के पुरस्कार वितरण समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देशवासियों के सपनों को पूरा करने के लिए लगातार काम कर रहे हैं।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि जो सपने अधूरे रह गए हैं, उन्हें बिहार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पूरा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का शिक्षा पर विशेष ध्यान है और वह चाहते हैं कि बिहार शिक्षा के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों की पंक्ति में खड़ा हो।
श्री तिवारी ने कहा कि बिहार एक आकांक्षी राज्य है और सरकार हर क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करना चाहती है। केंद्र सरकार का सहयोग और आशीर्वाद मिलता रहे तो बिहार विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंच सकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार ने बिहार पर जो भरोसा जताया है, राज्य सरकार उस पर खरा उतरेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित