जयपुर , अक्टूबर 17 -- राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा है कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए तकनीकी ज्ञान के साथ संस्कार, आध्यात्मिक समझ और जीवन मूल्यों का होना भी आवश्यक है।
श्रीमती कुमारी ने शनिवार को यहां बियानी महाविद्यालय समूह के रामलीला मंचन कार्यक्रम में कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी संस्कृति और परंपराओं से परिचित कराने के साथ जीवन में सही दिशा चुनने की प्रेरणा देते हैं।
उन्होंने कहा कि आज जहां अधिकांश महाविद्यालयों में तकनीक और आधुनिक शिक्षा पर विशेष जोर दिया जाता है, वहीं बियानी समूह विद्यार्थियों को आध्यात्मिकता, भारतीय संस्कृति और नैतिक मूल्यों से जोड़ने का सराहनीय कार्य कर रहा है।
कॉलेज के निदेशक डॉ. संजय बियानी ने कहा कि 'मेरे राम' रामलीला का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिकता और भगवान श्रीराम के आदर्शों से जोड़ना है। रामलीला के दौरान विद्यार्थियों ने प्रभावशाली अभिनय और संवादों के माध्यम से रामायण के प्रमुख प्रसंगों को जीवंत किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित