रांची , अप्रैल 18 -- झारखंड सरकार ने 01 जुलाई 2023 से इंटर्नशिप कर रहे विदेशी आयुर्विज्ञान स्नातकों के लिए कुल Rs.2.53 करोड़ (लगभग) की राशि स्टाइपेंड के रूप में स्वीकृत की है।

यह राशि राज्य के पांच प्रमुख सरकारी मेडिकल कॉलेजों में वितरित की जाएगी, जिससे सैकड़ों इंटर्न डॉक्टरों को सीधा लाभ मिलेगा। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने इस ऐतिहासिक फैसले पर कहा मैं खुद एक डॉक्टर हूं और विदेश से पढ़ाई के दौरान मैंने भी इस समस्या को करीब से महसूस किया है। उस समय मन में यह ठाना था कि अगर कभी सेवा का अवसर मिला तो इस दिशा में जरूर काम करूंगा। आज वही संकल्प साकार हुआ है। हमारा लक्ष्य है कि राज्य में स्वास्थ्य व्यवस्था को और मजबूत बनाया जाए और डॉक्टरों को उनका सम्मान मिले।

डॉ. अंसारी ने आगे कहा कि झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं में लगातार सुधार हो रहा है और यही कारण है कि आज राज्य देश में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में अग्रणी राज्यों में शामिल हो चुका है। राज्य सरकार द्वारा स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार, डॉक्टरों के हितों की रक्षा और मरीजों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के लिए लगातार ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। यह निर्णय उसी कड़ी का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिससे न केवल डॉक्टरों का मनोबल बढ़ेगा बल्कि राज्य की स्वास्थ्य सेवाएं भी और सशक्त होंगी।

राज्य के विभिन्न चिकित्सा महाविद्यालयों में कार्यरत विदेशी आयुर्विज्ञान स्नातकों और इंटर्न डॉक्टरों ने इस ऐतिहासिक निर्णय के लिए स्वास्थ्य मंत्री डॉ. अंसारी का आभार व्यक्त किया। डॉक्टरों ने कहा कि मंत्री जी स्वयं चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े रहे हैं, इसलिए वे डॉक्टरों की चुनौतियों और संघर्ष को भली-भांति समझते हैं। उनका यह फैसला सिर्फ एक सरकारी आदेश नहीं, बल्कि डॉक्टरों के सम्मान, आत्मविश्वास और भविष्य को मजबूती देने वाला कदम है। डॉक्टरों ने विश्वास जताया कि ऐसे संवेदनशील नेतृत्व में झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था और भी सशक्त होगी।

मंत्री डॉ. अंसारी ने कहा कि अब बड़ी संख्या में चिकित्सक झारखंड में ही अपनी सेवाएं देने के लिए आगे आएंगे। पहले स्टाइपेंड की कमी के कारण डॉक्टर दूसरे राज्यों का रुख कर लेते थे, जिससे यहां विशेषज्ञों की कमी बनी रहती थी। लेकिन अब यह स्थिति बदलेगी-डॉक्टर दूर-दराज के क्षेत्रों तक पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करेंगे। इसी कड़ी में जल्द ही एक बड़े सेमिनार के माध्यम से डॉ. इरफान अंसारी को सम्मानित करने की तैयारी भी की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित