नयी दिल्ली , मई 12 -- भारत के विदेश सचिव विक्रम मिस्री की नेपाल यात्रा को लेकर चल रही अटकलबाजियों के बीच विदेश मंत्रालय ने कहा है कि उनकी यात्रा जल्द ही होगी।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने मंगलवार को मीडिया ब्रीफिंग में सवालों के जवाब में कहा कि भारत के विदेश सचिव को नेपाल की ओर से यात्रा का निमंत्रण मिला है और इसकी तारीख जल्द ही निर्धारित होगी।
श्री जायसवाल ने कहा कि भारत के नेपाल के साथ बहुआयामी संबंध हैं और भारत नेपाल के साथ अपने संबंधों को सकारात्मक दृष्टि से देखता है। उन्होंने कहा कि वहां नयी सरकार बनने के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी बधाई दी है। इसके अलावा विदेश मंत्री डा. एस जयशंकर की वहां के विदेश मंत्री के साथ मॉरीशस में मुलाकात हुई है।
उन्होंने कहा कि नेपाल ने विदेश सचिव को यात्रा का निमंत्रण दिया है और इस यात्रा की तारीख आपसी सुविधा से तय की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि मीडिया रिपोर्टों में कहा जा रहा है कि नेपाल ने श्री मिस्री की यात्रा को टाल दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित