भीलवाड़ा. , फरवरी 09 -- राजस्थान के पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने कहा है कि विदेश में बैठकर राज्य में रंगदारी, धमकी और अन्य संगीन वारदातों को अंजाम देने वाले अपराधियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत भारत लाया जाएगा।

श्री शर्मा ने सोमवार को राजस्थान में भीलवाड़ा में पत्रकारों से कहा कि ऐसे तत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और एक एक करके कानून के कठघरे में खड़ा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राजस्थान पुलिस लगातार ऐसे अपराधियों पर नजर रखे हुए है, जो विदेश में बैठकर यहां अपने गुर्गों के जरिए आपराधिक गतिविधियां चला रहे हैं। उन्होंने बताया कि इन अपराधियों को भारत लाने के लिए कानूनी और कूटनीतिक स्तर पर प्रयास जारी हैं। साथ ही राज्य में इनके लिए काम करने वाले स्थानीय सहयोगियों पर भी सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि बिना स्थानीय मदद के कोई भी अपराधी राज्य में रंगदारी वसूली या वारदातों को अंजाम नहीं दे सकता, इसलिए ऐसे नेटवर्क की जड़ तक पहुंचकर कार्रवाई की जाएगी।

राज्य में हुए पेपर लीक मामलों पर सवाल के जवाब में श्री शर्मा ने कहा कि इस दिशा में गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने सराहनीय काम किया है। उन्होंने बताया कि जिन लोगों ने भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी की थी, उन्हें सलाखों के पीछे पहुंचाया गया है। इसके बाद आयोजित हुई परीक्षाओं में किसी तरह की अनियमितता सामने नहीं आई और अब सभी भर्तियां पारदर्शी तरीके से कराई जा रही हैं।

श्री शर्मा ने साफ किया कि पुलिस थानों में आमजन के साथ अभद्र व्यवहार करने वाले पुलिसकर्मियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता पुलिस पर भरोसा रखे और निर्भय होकर अपनी शिकायतें दर्ज कराए। आमजन का सहयोग ही पुलिस को मजबूत बनाता है और यही बेहतर कानून व्यवस्था की नींव है।

सवालों के जवाब में उन्होंने साइबर अपराध, बजरी माफिया, अवैध खनन, उप निरीक्षकों के पदों की कमी और राज्य में अपराध की स्थिति जैसे मुद्दों पर भी जवाब दिए। उन्होंने कहा कि इन सभी क्षेत्रों में लगातार कार्रवाई चल रही है और आने वाले समय में और अधिक प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित