नोएडा , जनवरी 14 -- उत्तर प्रदेश के नोएडा सेक्टर 36 स्थित साइबर अपराध थाना पुलिस ने विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर भारतीय युवाओं को ठगकर विदेश में बैठे साइबर अपराधियों के हवाले करने वाले फर्जी एजेंट को गिरफ्तार किया है। आरोपी शुभम को जनपद शामली से गिरफ्तार किया गया है। तथा उसके खिलाफ कई मुकदमे दर्ज पाए गए हैं।

पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार आरोपी की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नोएडा सेक्टर 73 निवासी पीड़ित ने गत 12 जनवरी को नोएडा साइबर अपराध थाना में आकर शिकायत दर्ज कराई थी। जहां पीड़ित ने बताया कि उसको आरोपी शुभम ने इंस्टाग्राम के जरिए संपर्क कर थाईलैंड में डाटा एंट्री की नौकरी दिलाने का वादा किया, इस एवज में उससे 80,000 रुपए लिए। इसके बाद आरोपी द्वारा पीड़ित को एयर टिकट पर थाईलैंड भेजा गया, जहां से उसे जबरन म्यांमार ले जाया गया।

म्यांमार में पीड़ित को साइबर स्लेवरी में रखकर फेसबुक, इंस्टाग्राम, टिंडर जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए विदेशी नागरिकों को ग्रेटिंग मैसेज भेजकर साइबर ठगी कराई जाती थी। रेस्क्यू के बाद पीड़ित को भारत लाया गया।

पीड़ित की लिखित शिकायत के आधार पर आरोपी एजेंट के खिलाफ संबंधित प्रकरण के अंतर्गत सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है तथा उसके नेटवर्क, अन्य सहयोगियों और पीड़ितों की पहचान में जुटी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित