कोरबा , अक्टूबर 30 -- छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले की एक युवती को थाईलैंड में आकर्षक वेतन पर नौकरी दिलाने का प्रलोभन देकर म्यांमार ले जाने और वहां बंधक बनाकर साइबर ठगी कराने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय साइबर ठग गिरोह से जुड़ी एक महिला आरोपी को महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार दर्री थाना क्षेत्र की रहने वाली युवती ने फेसबुक पर बैंकॉक में ऑफिस असिस्टेंट की नौकरी का विज्ञापन देखा था। विज्ञापन में हर महीने करीब 30 हजार थाई बात वेतन देने का प्रस्ताव था। बेहतर रोजगार की उम्मीद में युवती ने विज्ञापन में दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क किया। आरोप है कि महिला लीजा और उसके साथियों ने उसे विदेश में नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाकर अपने जाल में फंसा लिया।
आरोपियों ने युवती को सबसे पहले बेंगलुरु बुलाया, जहां से उसे विमान के माध्यम से थाईलैंड भेजा गया। इसके बाद सीमा पार कराकर म्यांमार स्थित कुख्यात केके पार्क पहुंचा दिया गया। पीड़िता के मुताबिक, वहां पहुंचते ही उसका पासपोर्ट जब्त कर लिया गया और उसे बंधक बनाकर रखा गया।
युवती ने पुलिस को बताया कि केके पार्क में उसके साथ मारपीट और मानसिक एवं शारीरिक प्रताड़ना की गई। आरोपियों ने उसे उसकी इच्छा के विरुद्ध साइबर अपराध से जुड़ी गतिविधियों में काम करने के लिए मजबूर किया। गिरोह के सदस्य फर्जी सोशल मीडिया आईडी के माध्यम से भारतीय नागरिकों को ऑनलाइन ट्रेडिंग और निवेश के नाम पर अपने जाल में फंसाकर ठगी करते थे। पीड़िता पर भी इसी तरह भारतीय लोगों से धोखाधड़ी करने का दबाव बनाया गया।
विदेश में बंधक बनाई गई युवती ने किसी तरह भारतीय दूतावास से संपर्क स्थापित किया। इसके बाद भारतीय दूतावास और स्थानीय प्रशासन के सहयोग से उसे सुरक्षित भारत वापस लाया गया। कोरबा लौटने पर पीड़िता ने दर्री थाने में शिकायत दर्ज कराकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी पुलिस को दी।
शिकायत के आधार पर दर्री पुलिस ने अपराध दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 143(2) और 146 के तहत विवेचना प्रारंभ की। जांच के दौरान पुलिस ने युवती को विदेश भेजने और साइबर ठगी गिरोह से जुड़े व्यक्तियों की भूमिका की पड़ताल की। विवेचना में प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने महाराष्ट्र के गोंदिया जिले की निवासी स्नेहा भथलाल बडोले (35) की संलिप्तता पाए जाने पर उसे गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी महिला को न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से रिमांड प्राप्त की गई है।
इस प्रकरण के सामने आने के बाद कोरबा पुलिस ने विदेश में रोजगार दिलाने के नाम पर सक्रिय फर्जी भर्ती गिरोहों से सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि जिले में साइबर जागरूकता अभियान के माध्यम से नागरिकों को ऑनलाइन धोखाधड़ी, सोशल मीडिया फ्रॉड और फर्जी नौकरी के प्रस्तावों के प्रति लगातार जागरूक किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित