मुंबई , जून 19 -- स्वर्ण भंडार में भारी गिरावट के कारण देश का विदेशी मुद्रा भंडार 12 जून को समाप्त सप्ताह में 9.985 अरब डॉलर घटकर करीब सवा साल के निचले स्तर 671.625 अरब डॉलर पर रह गया।

यह 28 मार्च 2025 के बाद विदेशी मुद्रा भंडार का न्यूनतम स्तर है। इसकी मुख्य वजह स्वर्ण भंडार में 10 अरब डॉलर से अधिक की कमी आना है।

रिजर्व बैंक (आरबीआई) द्वारा शुक्रवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, 12 जून को समाप्त सप्ताह में स्वर्ण भंडार 10.754 अरब डॉलर घटकर 103.821 अरब डॉलर रह गया। पिछले साल सात नवंबर के बाद आरबीआई के पास मौजूद सोने का भंडार कभी इतना कम नहीं रहा था।

वहीं, विदेशी मुद्रा परिसंपत्ति 84.6 करोड़ डॉलर बढ़कर 544.29 अरब डॉलर पर पहुंच गयी। इसमें अमेरिकी डॉलर के अलावा जापानी येन, ब्रितानी पाउंड और यूरो भी शामिल हैं। इनके मूल्य की गणना डॉलर की तुलना में इनके संदर्भ दर के आधार पर की जाती है।

आलोच्य सप्ताह में अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष के पास आरक्षित निधि 1.1 करोड़ डॉलर घटकर 4.815 अरब डॉलर और विशेष आहरण अधिकार 6.6 करोड़ डॉलर की गिरावट के साथ 18.699 अरब डॉलर रह गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित