मुंबई , अप्रैल 10 -- देश का विदेशी मुद्रा भंडार 03 अप्रैल को समाप्त सप्ताह में 9.063 अरब डॉलर बढ़कर 697.121 अरब डॉलर पर पहुंच गया।

इससे पहले, 27 मार्च का समाप्त सप्ताह में यह 10.288 अरब डॉलर घटकर 688.058 अरब डॉलर पर रहा था।

रिजर्व बैंक द्वारा शुक्रवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, 03 अप्रैल को समाप्त सप्ताह के दौरान विदेशी मुद्रा भंडार बढ़ने में सबसे अधिक योगदान स्वर्ण भंडार का रहा। यह 7.221 अरब डॉलर बढ़कर 120.742 अरब डॉलर पर पहुंच गया जो तीन सप्ताह का उच्चतम स्तर है।

विदेशी मुद्रा परिसंपत्ति 1.784 अरब डॉलर बढ़कर 552.856 अरब डॉलर पर रही। इसमें अमेरिकी डॉलर के अलावा जापानी येन, ब्रितानी पाउंड और यूरो शामिल होते हैं। उनके मूल्य का निर्धारण डॉलर के मुकाबले उनकी संदर्भ दर के आधार पर किया जाता है।

विदेशी मुद्रा भंडार के अन्य घटकों में अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष के पास आरक्षित निधि 4.816 अरब डॉलर पर लगभग स्थिर रही। विशेष आहरण अधिकार 5.8 करोड़ डॉलर बढ़कर 18.707 अरब डॉलर पर पहुंच गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित