रायपुर , मार्च 16 -- छत्तीसगढ़ में रायपुर पुलिस ने विदेशी मुद्रा के नाम पर टूर एंड ट्रैवल्स कारोबारी से करीब 19 लाख रुपये की ठगी करने वाले एक अंतर्राज्यीय आरोपी को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आज खुलासा करते हुए बताया कि, आरोपी के कब्जे से 4 लाख 50 हजार रुपये नकद और एक आईफोन जब्त किया गया है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार गुरुनानक नगर, तेलीबांधा निवासी हरदीप सिंह होरा ने थाना तेलीबांधा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह 'ट्रैवल प्लानर' नाम से टूर एंड ट्रैवल्स का व्यवसाय करता है। 1 मार्च 2026 को उसके मोबाइल पर व्हाट्सएप कॉल आया, जिसमें कॉल करने वाले ने अपना नाम हर्षित अग्रवाल बताते हुए अमेरिका और लंदन में होटल बुकिंग कराने की बात कही। बातचीत के बाद आरोपी ने भुगतान के लिए बैंक खाता विवरण भी मांगा।
अगले दिन आरोपी ने प्रार्थी को करेंसी टॉवर, तेलीबांधा स्थित जेनेट को-वर्किंग स्पेस में बुलाया और 18 हजार यूएस डॉलर व 2 हजार जीबीपी लाने को कहा, जहां उसका भाई भारतीय मुद्रा देने वाला था। 2 मार्च को दोपहर करीब 2.40 बजे प्रार्थी विदेशी मुद्रा लेकर वहां पहुंचा। इसी दौरान आरोपी का साथी नोट गिनने की मशीन लाने के बहाने बाहर चला गया और फोन पर बातचीत में उलझाकर आरोपी विदेशी मुद्रा लेकर फरार हो गया। ठगी गई राशि की कीमत भारतीय मुद्रा में करीब 19 लाख 47 हजार 400 रुपये बताई गई है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (मध्य जोन) उमेश प्रसाद गुप्ता के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तकनीकी विश्लेषण किया और मोबाइल नंबरों की जांच की।
जांच के दौरान एक आरोपी की लोकेशन पश्चिम बंगाल के हावड़ा में मिलने पर पुलिस टीम वहां रवाना हुई और आरोपी प्रोसेनजित चक्रवर्ती (38) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर ठगी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 4.50 लाख रुपये नकद और घटना से संबंधित एक आईफोन जब्त किया है। आरोपी के खिलाफ मुंबई के बांद्रा थाने में भी ठगी का एक मामला दर्ज है।
फिलहाल पुलिस इस ठगी में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित