तिरुवनंतपुरम , अप्रैल 11 -- चुनाव आयोग के अंतरराष्ट्रीय चुनाव आगंतुक कार्यक्रम (आईईवीपी) 2026 ने केरल विधानसभा चुनावों की ओर वैश्विक ध्यान आकर्षित किया है और इस कार्यक्रम के तहत नौ देशों के 17 प्रतिनिधियों ने चुनावी प्रक्रिया के पैमाने, सटीकता और समावेशिता की सराहना की है।
अल्बानिया, एस्टोनिया, फिजी, जॉर्जिया, केन्या, नामीबिया, समोआ, सेशेल्स और सिएरा लियोन के प्रतिनिधियों ने कोच्चि और तिरुवनंतपुरम में चुनाव होते देखा और इस अनुभव को 'लोकतंत्र का एक सच्चा उत्सव' बताया।
केरल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार एस्टोनिया, फिजी, जॉर्जिया, नामीबिया और केन्या के 10 प्रतिनिधियों ने कोच्चि जिले का दौरा किया, जबकि अल्बानिया, समोआ, सेशेल्स और सिएरा लियोन के सात प्रतिनिधियों ने तिरुवनंतपुरम जिले का दौरा किया।
विगत 8 और 9 अप्रैल को अपनी दो दिवसीय यात्रा के दौरान प्रतिनिधियों ने प्रेषण और वितरण केंद्रों का निरीक्षण किया, जहां मतदानकर्मियों और सामग्री को सुव्यवस्थित लॉजिस्टिक्स और मानक संचालन प्रक्रियाओं के माध्यम से जुटाया गया था। समोआ की सुश्री शालोन सोफिया टाइम ने इस प्रक्रिया को 'अचंभित करने वाला' बताया और इसकी दक्षता तथा एकरूपता पर प्रकाश डाला।
आगंतुक टीमों ने चुनाव अधिकारियों और पुलिस अधिकारियों के साथ बातचीत भी की तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं और निगरानी प्रणालियों की समीक्षा की। इनमें सीसीटीवीयुक्त नियंत्रण कक्ष भी शामिल थे जो मतदान केंद्रों की 100 प्रतिशत वेबकास्टिंग की निगरानी कर रहे थे। उन्होंने इन प्रणालियों को 'पारदर्शिता का एक मजबूत स्तंभ' बताया।
मतदान के दिन प्रतिनिधियों ने विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा करने से पहले मॉक मतदान देखे। उन्होंने रैंप, व्हीलचेयर, स्वयंसेवकों की सहायता, शिशु-देखभाल (क्रेच) सुविधाओं और महिलाओं तथा दिव्यांग व्यक्तियों द्वारा संचालित विशेष मतदान बूथों जैसी समावेशी व्यवस्थाओं की सराहना की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित