विदिशा , सितंबर 05 -- मध्य प्रदेश के विदिशा जिले में लगातार हो रही बारिश के चलते जलस्रोतों में तेजी से पानी की आवक बढ़ रही है। सम्राट अशोक सागर (हलाली) बांध का जलस्तर बढ़कर 77.56 प्रतिशत तक पहुंच गया है। वहीं बेतवा नदी का जलस्तर भी लगातार बढ़ रहा है। नदी फिलहाल खतरे के निशान से करीब 20 फीट नीचे बह रही है। लगातार बारिश को देखते हुए प्रशासन ने नदियों के आसपास विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।

बारिश के कारण बेतवा सहित जिले की अन्य सहायक नदियों और जलाशयों में पानी की आवक बढ़ी है। प्रशासन द्वारा जलस्तर की लगातार निगरानी की जा रही है। लोगों को नदी, नालों और घाटों के आसपास जाने से बचने तथा तेज बहाव वाले स्थानों पर विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गयी है।

मौसम विभाग द्वारा मध्यप्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी के बीच प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है। प्रदेश में लगातार बारिश के कारण कई नदियों के जलस्तर में वृद्धि हुई है और संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए जिला स्तर पर निगरानी बढ़ाई गयी है।

बेतवा नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए नदी किनारे स्थित घाटों पर प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है। लोगों से अपील की गयी है कि वे नदी के तेज बहाव वाले हिस्सों में न जाएं और बच्चों को भी नदी व जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रखें।

सम्राट अशोक सागर बांध में लगातार बढ़ती पानी की आवक को देखते हुए आने वाले दिनों में जलस्तर पर प्रशासन और जल संसाधन विभाग की नजर बनी रहेगी। यदि बारिश का दौर जारी रहता है तो नदी और बांध का जलस्तर और बढ़ सकता है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन लगातार बारिश के कारण प्रशासन ने एहतियात के तौर पर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित