भोपाल , अक्टूबर 12 -- मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर विदिशा जिले में धान की फसल को बचाने के लिए हलाली बांध से तत्काल नहरों के माध्यम से पानी छोड़ने की मांग की है। उन्होंने दावा किया कि जिले में करीब 76 हजार हेक्टेयर में लगी धान की फसल पानी की कमी के कारण प्रभावित होने की आशंका है।
श्री पटवारी के अनुसार, विदिशा जिले की कई तहसीलों में सामान्य से कम वर्षा हुई है। विदिशा तहसील में 29 प्रतिशत, गुलाबगंज में 42 प्रतिशत, कुरवाई में 31 प्रतिशत और शमशाबाद में 30 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि किसान सिंचाई के लिए हलाली बांध से पानी छोड़ने की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें राहत नहीं मिली है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि विदिशा केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान का संसदीय क्षेत्र है। इसके बावजूद किसानों को अपनी फसल बचाने के लिए सिंचाई के पानी की मांग करनी पड़ रही है। उन्होंने बताया कि हलाली बांध में 231.87 मिलियन घनमीटर पानी उपलब्ध है और वर्तमान जलस्तर 459.29 मीटर है, जबकि पूर्ण जलभराव स्तर 459.61 मीटर है।
श्री पटवारी ने मुख्यमंत्री से प्रभावित क्षेत्रों में पानी छोड़ने के संबंध में तकनीकी समीक्षा कर समयबद्ध निर्णय लेने, नहरों की मरम्मत और रबी फसल के लिए वैकल्पिक सिंचाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने प्रभावित गांवों में सर्वे कराकर फसल नुकसान का आकलन करने तथा पात्र किसानों को नियमानुसार मुआवजा देने की भी मांग की।
उन्होंने जिला प्रशासन, सिंचाई विभाग और संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय कर किसानों की समस्याओं का शीघ्र निराकरण करने का आग्रह किया। श्री पटवारी ने कहा कि किसानों को वास्तविक राहत खेतों तक समय पर पानी पहुंचाने से ही मिलेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि समय पर सिंचाई की व्यवस्था नहीं होने से फसल को नुकसान हुआ तो इसकी जिम्मेदारी राज्य सरकार की होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित