भोपाल , जून 03 -- यात्रियों की सुविधा और जनप्रतिनिधियों की मांग को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने विदिशा और सांची स्टेशन पर चार महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों के प्रायोगिक ठहराव की अवधि आगामी आदेश तक बढ़ाने का निर्णय लिया है।
रेलवे प्रशासन द्वारा जारी जानकारी के अनुसार गाड़ी संख्या 12629 यशवंतपुर-हजरत निजामुद्दीन कर्नाटक संपर्क क्रांति एक्सप्रेस का विदिशा स्टेशन पर ठहराव 30 जून 2026 के बाद भी आगामी आदेश तक जारी रहेगा। इसी प्रकार गाड़ी संख्या 12630 हजरत निजामुद्दीन-यशवंतपुर कर्नाटक संपर्क क्रांति एक्सप्रेस का विदिशा स्टेशन पर ठहराव भी आगामी आदेश तक जारी रहेगा।
इसके अलावा गाड़ी संख्या 16031 श्री माता वैष्णो देवी कटरा-चेन्नई सेंट्रल एक्सप्रेस तथा गाड़ी संख्या 16032 चेन्नई सेंट्रल-श्री माता वैष्णो देवी कटरा एक्सप्रेस का सांची स्टेशन पर प्रायोगिक ठहराव 28 जून 2026 से आगे भी आगामी आदेश तक जारी रखने का निर्णय लिया गया है।
पश्चिम मध्य रेलवे के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया ने बताया कि इन ट्रेनों का ठहराव पूर्व में प्रायोगिक आधार पर स्वीकृत किया गया था। यात्रियों से मिली सकारात्मक प्रतिक्रिया और क्षेत्रीय आवश्यकता को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने इसे आगे भी जारी रखने का फैसला किया है।
उन्होंने कहा कि इस निर्णय से विदिशा, सांची और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा के लिए बेहतर रेल संपर्क उपलब्ध होगा तथा धार्मिक, शैक्षणिक और व्यावसायिक यात्राओं में सुविधा मिलेगी। रेल प्रशासन ने यात्रियों से ट्रेनों के ठहराव और समय-सारिणी की अद्यतन जानकारी के लिए रेलवे हेल्पलाइन 139 अथवा एनटीईएस के माध्यम से जानकारी प्राप्त करने का अनुरोध किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित