चंडीगढ़ , मार्च 05 -- शिरोमणि अकाली दल (शिअद) ने गुरुवार को पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल चीमा से मांग की है कि वह आगामी बजट में महिलाओं, किसानों, सरकारी कर्मचारियों और आम जनता से किये गये वादों को पूरा करने के लिए 1.57 लाख करोड़ रुपये आवंटित करें।
पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि इस आखिरी बजट में भी वादे पूरे नहीं हुए, तो 2027 के चुनाव प्रचार के दौरान 'आप' विधायकों को शहरों और गांवों में जनता के 'घेराव' का सामना करना पड़ेगा।
अकाली दल के वरिष्ठ नेता और ट्रेड एवं इंडस्ट्री विंग के अध्यक्ष एन.के. शर्मा ने विभिन्न योजनाओं के लिए आवंटन की मांग करते हुए कहा कि आप सरकार ने 18 वर्ष से ऊपर की एक करोड़ महिलाओं को एक हजार रुपये प्रति माह देने का वादा किया था। साठ महीनों के कार्यकाल के हिसाब से यह राशि 60,000 करोड़ रुपये बनती है, जिसे बजट में रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि रोजगार पोर्टल पर पंजीकृत 22.60 लाख बेरोजगार युवाओं को तीन हजार रुपये प्रति माह का वादा निभाने के लिए 40,000 करोड़ रूपये की आवश्यकता है।
प्रत्येक नागरिक को 10 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा देने के लिए 10,000 करोड़ रूपये आवंटित किये जायें।
श्री शर्मा ने तंज कसा कि पिछले बजट के 773 करोड़ रुपये केवल विज्ञापनों पर खर्च कर दिये गये। उन्होंने पुरानी पेंशन योजना, वेतन कमीशन और 16 प्रतिशत महंगाई भत्ता जारी करने के लिए धन की मांग की। केंद्रीय आपदा राहत कोष के 12,000 करोड़ रुपये के दुरुपयोग की भरपाई और उद्योगों को पांच रूपये प्रति यूनिट बिजली देने का वादा पूरा करने के लिए पर्याप्त बजट मांगा गया।
उन्होंने राज्य की वित्तीय स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि 'आप' सरकार ने पंजाब को दिवालियापन की ओर धकेल दिया है। उन्होंने कहा, "राज्य का कर्ज पहले ही Rs.4.17 लाख करोड़ तक पहुंच चुका है। इस वित्तीय वर्ष में 40,000 करोड़ रुपये का नया कर्ज लेने के बाद कुल कर्ज 4.91 लाख करोड़ रुपये हो जाएगा, जिससे पंजाब देश का सबसे अधिक कर्जदार राज्य बन जाएगा।" श्री शर्मा ने वित्त मंत्री से उन लोगों की सूची भी मांगी, जिन्हें वास्तव में 10 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा कवर मिला है, ताकि योजना की सच्चाई सबके सामने आ सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित