रायपुर , सितंबर 09 -- छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने बुधवार को अपने प्रभार जिले सरगुजा, जशपुर, जांजगीर-चांपा, रायगढ़ और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिलों में 17 सितंबर से शुरू होने वाले 'सेवा संकल्प अभियान' की तैयारियों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा की।
यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा एवं नेतृत्व यात्रा के प्रति आभार व्यक्त करने और विकसित भारत-2047 के संकल्प में जनभागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा।
श्री चौधरी ने संबंधित जिलों में नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारियों की नियुक्ति, कार्ययोजना, विभागीय दायित्वों और प्रस्तावित गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को ग्राम, वार्ड, विकासखंड और जिला स्तर पर जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संगठनों, शैक्षणिक संस्थाओं, स्व-सहायता समूहों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अभियान की शुरुआत 17 सितंबर की शाम 'आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम से होगी। इसके अलावा 17 सितंबर से सात अक्टूबर तक स्कूलों में '25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत' के तहत ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। 'नमो सेवा गाथा' के तहत नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं और उनसे आए बदलाव की जानकारी दी जाएगी।
अभियान के दौरान 'आंगन का उत्सव', 'कहानी बदलाव की', 'सेवा ज्योति यात्रा', 'सेवा मेरा योगदान' और 'सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार' सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। विधानसभा और विकासखंड स्तर पर शिविर लगाकर पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं से जोड़ने पर भी जोर रहेगा।
बैठक में संबंधित जिलों के कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी और विभिन्न विभागों के नोडल अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित