चंडीगढ़ , अप्रैल 17 -- हरियाणा के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की वित्त आयुक्त डॉ. सुमिता मिश्रा ने बरवाला अनाज मंडी का निरीक्षण कर रबी सीजन 2026-27 के तहत गेहूं की खरीद, उठान और किसानों को उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों को उनकी फसल का भुगतान 72 घंटे के भीतर उनके बैंक खातों में सुनिश्चित किया जाए।

निरीक्षण के दौरान डॉ. मिश्रा ने गेट पास और बायोमेट्रिक प्रणाली की जांच की तथा गेहूं की बोरियों के वजन का सत्यापन किया, जो संतोषजनक पाया गया। उन्होंने किसानों और आढ़तियों से सीधे संवाद कर व्यवस्थाओं पर फीडबैक भी लिया। अधिकारियों ने बताया कि मंडी में अब तक 1.56 लाख क्विंटल गेहूं की आवक हो चुकी है, जिसमें से 1.27 लाख क्विंटल की खरीद और 46,700 क्विंटल का उठान किया जा चुका है।

डॉ. मिश्रा ने किसानों और मजदूरों के लिए संचालित 'अटल कैंटीन' का भी निरीक्षण किया। उन्होंने आम नागरिक की तरह भोजन कर गुणवत्ता का आकलन किया और भोजन का भुगतान भी किया। उन्होंने कैंटीन में परोसे जा रहे भोजन की गुणवत्ता की सराहना की।

उन्होंने खरीद एजेंसियों को अनाज उठाने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए और अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि अगले सप्ताह तक 80 प्रतिशत से अधिक उठान पूरा कर लिया जाएगा। मंडी में भीड़ प्रबंधन के लिए कई बायोमेट्रिक मशीनें और मोबाइल गेट पास पॉइंट भी स्थापित किए गए हैं।

इसके बाद उन्होंने बटौर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान मरीजों से बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली और डॉक्टरों की उपस्थिति तथा दवाओं की उपलब्धता की जांच की। उन्होंने निर्देश दिए कि स्वास्थ्य केंद्र में आवश्यक दवाओं की कोई कमी न रहे।

आपातकालीन वार्ड का निरीक्षण करते हुए उन्होंने अलग प्रवेश द्वार और स्पष्ट साइनबोर्ड लगाने के निर्देश भी दिए, ताकि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित