नयी दिल्ली , मई 29 -- वित्त मंत्रालय के वित्तीय सेवा विभाग (डीएफएस) ने शुक्रवार को यहां सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों (पीएसबी) के मंच- पीएसबी एलायंस के सहयोग से विकसित एक कॉमन लैंडिंग पोर्टल का शुभारंभ किया ताकि बैंकों और अन्य वित्तीय संस्थाओं में बिना दावे के पड़ी वित्तीय परिसंपत्तियों से संबंधित जानकारी सुगमता से प्राप्त की जा सके।

वित्त मंत्रालय की एक विज्ञप्ति के अनुसार अनक्लेम्डएसेट्सपोर्टल.इन पर उपलब्ध यह पोर्टल, वित्तीय जगत में विद्यमान बिना दावे वाले बैंक जमा, बीमा दावों, शेयरों, लाभांश और म्यूचुअल फंड से संबंधित खोज सुविधाओं तक पहुंच प्रदान करने वाला एक एकीकृत मंच है। इस पोर्टल का शुभारंभ वित्तीय सेवा विभाग के सचिव एम. नागराजू ने यहां सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों की समीक्षा बैठक के दौरान किया ।

मंत्रालय ने कहा है कि यह पहल वित्तीय क्षेत्र के नियामकों, बैंकों और अन्य हितधारकों के समन्वय से वित्तीय सेवा विभाग द्वारा बिना दावे वाली वित्तीय परिसंपत्तियों के बारे में जागरूकता बढ़ाने, उनका पता लगाने और उन्हें वापस लौटाने की सुविधा के लिए चलाए गए राष्ट्रव्यापी अभियान "आपकी पूंजी, आपका अधिकार" पर आधारित है। मंत्रालय का कहना है कि यह पोर्टल एक ही मंच पर कई सर्च सुविधाओं तक पहुंच प्रदान करके नागरिकों की सुविधा में सुधार करेगा और व्यक्तियों को उनकी उचित वित्तीय परिसंपत्तियों से पुनः जोड़ने की दिशा में चल रहे प्रयासों को सुदृढ करेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित