चंडीगढ़ , फरवरी 13 -- हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने शुक्रवार को कैथल में जिला जन शिकायत निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कई मामलों में कड़े निर्देश जारी किए।

बैठक में कुल 15 शिकायतों पर सुनवाई हुई, जिनमें नौ लंबित और छह नई शिकायतें शामिल थीं। भूमि विवाद के एक मामले में मंत्री ने संबंधित सहायक उप-निरीक्षक (एएसआई) को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने तथा मामला दर्ज करने के आदेश दिए। वहीं, रिश्वत मांगने के आरोप में एक जूनियर इंजीनियर (जेई) के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के निर्देश भी दिए गए।

मंत्री ने स्पष्ट कहा कि जन शिकायतों पर त्वरित और जिम्मेदारीपूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। राजौंद नगर समिति में पिछले साढ़े तीन वर्षों के कार्यों में वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों पर उन्होंने हरियाणा सतर्कता ब्यूरो को विस्तृत जांच के निर्देश दिए। पाई गांव की एक कॉलोनी में अवैध बोरवेल कनेक्शन के मामले में एडीसी की अध्यक्षता में जांच समिति गठित कर अगली बैठक में रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया।

ऋषि नगर निवासी द्वारा दर्ज हत्या के मामले में मंत्री ने गृह सचिव से बातचीत कर केन्द्रीय जांच ब्यूरो से जांच की प्रक्रिया तेज करने का आग्रह किया। साथ ही पुलिस अधीक्षक को साप्ताहिक समीक्षा के निर्देश दिए।

मंत्री ने चेतावनी दी कि यदि कोई शिकायत झूठी पाई जाती है, तो शिकायतकर्ता के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। बैठक के बाद उन्होंने नागरिकों की समस्याएं सुनकर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित