देहरादून , अक्टूबर 01 -- उत्तराखंड में विज्ञान वर्ग के अनिवार्य विषयों में अनुत्तीर्ण होने के बावजूद फार्मेसी पाठ्यक्रम में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को डिप्लोमा या डिग्री हासिल करने के बाद भी फार्मेसी काउंसिल में पंजीकरण नहीं मिल सकेगा।

गुरुवार को उत्तराखंड फार्मेसी काउंसलिंग के रजिस्ट्रार के. एस. फर्स्वाण ने एक पत्र जारी कर विद्यार्थियों को सचेत किया है। राज्य फार्मेसी काउंसिल ने शिक्षण संस्थानों को वर्ष 2026 में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों की इंटरमीडिएट की अंकतालिका की अनिवार्य विषयों के आधार पर जांच करने के निर्देश दिए हैं।

उत्तराखंड में वर्तमान में 96 कॉलेजों, 24 यूनिवर्सिटी एवं 21 पॉलीटेक्निक में फार्मेसी शिक्षण पाठ्यक्रम संचालित हैं। जिसमें दो वर्षीय डी. फार्म. डिप्लोमा, चार वर्षीय बी.फार्म. डिग्री, एवं छह वर्षीय फॉर्म डी. (डाक्टरेट ऑफ फार्मेसी), एम. फार्म. दो वर्षीय करने के पश्चात अभ्यर्थी फार्मेसी काउन्सिल में पंजीकरण के लिए आते हैं लेकिन पंजीकरण न हो पाने से उन्हें समस्या होती है।

इस पत्र में बताया गया है कि फार्मेसी एक्ट 1948 के तहत बने एजुकेशन रेगुलेशन 2020 का अध्याय 2 (4) के अनुसार फार्मेसी में उपरोक्त कोर्स करने के लिए शैक्षणिक योग्यता भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, गणित या बायोलॉजी (साइंस स्ट्रीम) में इण्टरमीडिएट उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। बी. फार्म कोर्स के लिए साइंस स्ट्रीम के साथ अंग्रेजी विषय भी अनिवार्य है। विगत कई वर्षों से यह देखा जा रहा है कि कई संस्थान उक्त रेगुलेशन के विपरीत सांइस स्ट्रीम के अनिवार्य विषयों में से एक विषय में अनुत्तीर्ण होने के बावजूद फार्मेसी शिक्षण के लिए प्रवेश दे रहे हैं। दो वर्षीय डिप्लोमा एवं चार वर्षीय डिग्री कोर्स करने के उपरान्त जब अभ्यर्थी फार्मेसी काउन्सिल में पंजीकरण करने आता है, तब अभ्यर्थी को ज्ञात होता है कि, वह फार्मेसी शिक्षण प्राप्त करने को पात्रता नहीं रखते थे, जिस कारण उनका फार्मेसिस्ट पंजीकरण नहीं किया जा सकता है, फार्मेसी काउन्सिल को अनावश्यक जन आकोश का सामना करना पड़ रहा है एवं अभ्यर्थियों का धन एवं समय बर्बाद हो रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित