अमरोहा, 31अक्टूबर (वार्ता) चेन्नई में 26 से 29 अक्टूबर तक आयोजित एशियाई टेनिस बॉल क्रिकेट चैंपियनशिप-2026 में भारतीय महिला टीम का हिस्सा रहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के मंडी धनौरा तहसील के गांव धनौरी खुर्द शुमाली निवासी निधि कुठार ने स्वर्ण पदक जीतकर देश और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने थाईलैंड को हराकर चैंपियनशिप अपने नाम की। निधि के किसान पिता सौवीर सिंह ने शनिवार को यहाँ बताया कि प्रतियोगिता चेन्नई के करपाक्कम स्थित केसीजी कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी में आयोजित की गई थी, जिसमें भारत सहित 13 देशों की टीमों ने हिस्सा लिया।
फाइनल में भारतीय महिला टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 47 रन बनाए और जवाब में थाईलैंड की टीम को 38 रन पर समेटकर खिताब अपने नाम कर लिया। भारतीय महिला टेनिस बॉल क्रिकेट टीम में यह निधि का पहला चयन था, जो वर्तमान में हिमाचल प्रदेश के मंडी स्थित मुख्य डाकघर में स्पोर्ट्स कोटे से पोस्ट असिस्टेंट के पद पर कार्यरत हैं।
इससे पहले वर्ष 2017 में ओडिशा के भुवनेश्वर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय एथलेटिक्स चैंपियनशिप की हैमर थ्रो स्पर्धा में भी उन्होंने पदक हासिल किया था तथा 2019 की फेडरेशन कप राष्ट्रीय सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया था। बेटी की इस ऐतिहासिक उपलब्धि की सूचना मिलते ही उनके पैतृक आवास धनौरी खुर्द में जश्न का माहौल है और ग्रामीण तथा शुभचिंतक लगातार पहुंचकर परिवार को बधाई दे रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित