नयी दिल्ली , जुलाई 13 -- दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने सोमवार को नागरिकों से मतदाता सूची के पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील की।
श्री गुप्ता ने रोहिणी सेक्टर-9 में आयोजित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) जागरूकता बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए स्वच्छ, त्रुटिरहित और अद्यतन मतदाता सूची अत्यंत आवश्यक है तथा यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रह जाये। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य नए पात्र मतदाताओं का पंजीकरण, मतदाता सूची में मौजूद त्रुटियों का सुधार तथा दोहराव वाली प्रविष्टियों को हटाकर सूची को अधिक विश्वसनीय बनाना है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) के साथ पूरा सहयोग करें, ताकि पुनरीक्षण कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा हो सके।
विधानसभा अध्यक्ष ने विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की पूरी प्रक्रिया, निर्धारित समय-सीमा और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी भी विस्तार से दी। उन्होंने कहा कि समय पर सत्यापन और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करना बेहद जरूरी है, क्योंकि निर्धारित अवधि के भीतर प्रक्रिया पूरी नहीं होने पर पात्र नागरिक आगामी चुनावों में अपने मताधिकार का प्रयोग करने से वंचित हो सकते हैं। उन्होंने मतदाता सूची को लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला बताते हुए नागरिकों से इस अभियान को गंभीरता से लेने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि इतने बड़े प्रशासनिक अभियान की सफलता केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसमें समाज की सक्रिय भागीदारी भी आवश्यक है। उन्होंने रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों (आरडब्ल्यूए), युवा स्वयंसेवकों और वरिष्ठ नागरिकों से अपील की कि वे अभियान के जनदूत बनकर इसकी जानकारी प्रत्येक घर तक पहुंचाएं। साथ ही उन्होंने लोगों से वंचित और जरूरतमंद नागरिकों को आवश्यक दस्तावेज तैयार कराने और पंजीकरण प्रक्रिया पूरी कराने में सहयोग देने का भी आह्वान किया।
विधानसभा अध्यक्ष ने दोहराया कि प्रत्येक मत लोकतंत्र को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि रोहिणी ही नहीं, बल्कि पूरी दिल्ली में शत-प्रतिशत पात्र मतदाता पंजीकरण सुनिश्चित करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित