जैतो , अप्रैल 25 -- पंजाब विजीलेंस ब्यूरो ने जैतो पुलिस स्टेशन, जिला फरीदकोट में तैनात सीनियर कांस्टेबल विक्रम शर्मा को 5000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा है।

राज्य विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने शनिवार को बताया कि आरोपी को तहसील जैतो, जिला फरीदकोट के एक निवासी की शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता के खिलाफ एक झगड़े की शिकायत मिली थी, जिसके तहत आरोपी सीनियर कांस्टेबल शिकायतकर्ता को उसकी ऑल्टो कार के साथ जैतो पुलिस स्टेशन, जिला फरीदकोट लाया था। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया। इस बारे में, शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि आरोपी सीनियर कांस्टेबल ने उसकी ऑल्टो कार पुलिस स्टेशन में रखी और उसकी कार छोड़ने के बदले 5000 रुपये की रिश्वत मांगी।

शिकायत पर शुरुआती जांच के बाद, विजिलेंस ब्यूरो टीम ने जाल बिछाया, जिसके दौरान आरोपी सीनियर कांस्टेबल को दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में शिकायत करने वाले से 5000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। इस संबंध में, आरोपी के खिलाफ प्रिवेंशन ऑफ करप्शन एक्ट के तहत विजिलेंस ब्यूरो पुलिस स्टेशन फिरोजपुर में मामला दर्ज किया गया है और मामले की की जांच चल रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित