चंडीगढ़ , मई 04 -- पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने 15,000 रुपये रिश्वत लेने के आरोप में पटियाला के डीड राइटर के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

राज्य विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने सोमवार को बताया कि यह मामला हरियाणा के कैथल जिले के चीका स्थित प्रोफेसर कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति द्वारा मुख्यमंत्री भ्रष्टाचार विरोधी एक्शन लाइन पोर्टल पर दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर दर्ज किया गया है।

उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता के रिश्तेदार ने पटियाला जिले में जमीन खरीदी थी। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि आरोपी डीड राइटर नरेश कुमार ने उसके रिश्तेदार की जमीन की रजिस्ट्री कराने के बदले 15,000 रुपये रिश्वत ली।

प्रवक्ता के अनुसार, डीड राइटर ने रिश्वत लेते समय पटवारी और तहसीलदार के ड्राइवर को भी मौके पर बुलाया था। इसके बाद तहसीलदार द्वारा रजिस्ट्री की गई। शिकायतकर्ता ने रिश्वत मांगने और लेने से संबंधित पूरी बातचीत रिकॉर्ड कर ली थी। इस संबंध में आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत विजिलेंस ब्यूरो थाना पटियाला में मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की आगे जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित