चंडीगढ़ , अप्रैल 16 -- पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने माल दफ्तर पायल, जिला लुधियाना में तैनात पटवारी को 15,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों दबोचा है।
विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने गुरुवार को बताया कि उक्त आरोपी हरकिंदर सिंह को तहसील पायल, जिला लुधियाना के एक निवासी की शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपी पटवारी ने शिकायतकर्ता से उसकी जमीन रिकार्ड में संशोधन करने के बदले 25,000 रुपये रिश्वत की मांग की थी। इस संबंध में आरोपी पहले ही 5,000 रुपये पहली किस्त के रूप में ले चुका था।
शिकायत की प्रारंभिक जांच के बाद विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया और दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में आरोपी को 15,000 रुपये की रिश्वत लेते समय रंगे हाथों दबोचा । इस संबंध में आरोपी के खिलाफ विजिलेंस ब्यूरो थाना आर्थिक अपराध शाखा, लुधियाना में भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित